उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बीते रविवार को दो समुदायों के बीच डीजे साउंड बजाने पर छिड़ा विवाद, पथराव और फायरिंग से इलाके में फैला तनाव का माहौल।
कैसे हुई बहराइच की घटना?
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के महसी तहसील के महाराजगंज कस्बे में 13 अक्टूबर की शाम को दुर्गा माता की मूर्ति विसर्जन के दौरान भीषण हिंसा भड़क उठी। शोभायात्रा एक विशेष समुदाय के इलाके से गुजर रही थी, तभी डीजे साउंड बजाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
बहराइच हादसे का हाहाकार: जानें क्या हुआ था
शोभायात्रा के दौरान, जब डीजे बजाया जा रहा था, तब दूसरे समुदाय के लोगों ने इसका विरोध किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों ने छतों से शोभायात्रा पर पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव का विरोध करते हुए यात्रा में शामिल लोगों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद हालात बिगड़ते चले गए।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक गोली रामगोपाल मिश्रा नामक व्यक्ति को लगी, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मिश्रा की मौत की खबर सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हिंसा और अधिक भड़क उठी।
बहराइच हादसा: हिंसा और उपद्रव
रामगोपाल मिश्रा की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों लोग लाठी-डंडों के साथ सड़कों पर उतर आए और उन्होंने इलाके की दुकानों, शोरूम और घरों में तोड़फोड़ और आगजनी शुरू कर दी। कई घरों और दुकानों में आग लगा दी गई। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
बहराइच हादसा: घायलों की संख्या और सुरक्षा व्यवस्था
हिंसा में लगभग 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है। सुरक्षा की दृष्टि से इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। डीएम और एसपी खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
बहराइच हादसे पर प्रशासन की प्रतिक्रिया
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से इलाके में कर्फ्यू जैसी सख्ती लागू कर दी है। इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है ताकि अफवाहों को फैलने से रोका जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
बहराइच में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल: हादसे की जांच शुरू
फिलहाल इलाके में शांति बहाल करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन माहौल अब भी तनावपूर्ण है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की चेतावनी दी है। प्रशासन की तरफ से ताज़ा बयान में यह भी कहा गया कि, उपद्रव में पाए गए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।